खुखुंदू। थाना क्षेत्र के सरयां गांव में शनिवार रात एक मकान के पीछे की दीवार में नकब काटकर घुसे चोरों ने नकदी, जेवरात और कीमती सामान उड़ा दिए। वारदात की जानकारी परिजनों को रविवार सुबह सोकर उठने पर हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, दस दिन पहले भी मुसैला शराब और टड़वा स्पेयर पार्ट्स की दुकान में चोरी हुई थी। पुलिस अभी तक इसका पर्दाफाश नहीं कर पाई है।
सरयां गांव निवासी रामभवन गोड़ परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। घर पर छोटे भाई रामकिशुन रहते हैं। उनकी बेटी एक माह पहले घर आई है जो चाचा के परिवार के साथ ही रहती है।
बताया जा रहा है कि शनिवार की रात चोर मकान में पीछे की दीवार में नकब काटकर अंदर घुसे और एक कमरे में रखा नकदी, जेवरात व दो बाक्स उठा ले गए। परिवार के लोग जब रविवार सुबह उठे तो घटना की जानकारी हुई।
इसके बाद परिजन खोजबीन करते गांव के पश्चिम डुमरिया लाला के तरफ पहुंचे तो खेत में दोनों टूटा बाक्स और कुछ बिखरा पड़ा सामान मिला। कीमती सामान चोर चुरा ले गए थे। इसकी सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की।
उधर, 10 दिन पहले चोरों ने एक ही रात टड़वा स्थित स्पेयर पार्ट्स और मुसैला अंग्रेजी शराब व बीयर की कंपोजिट दुकान को निशाना बनाया था।
हालांकि पुलिस इसमें केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हुई है। इस संबंध में सीओ सलेमपुर मनोज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई होगी।