बरहज। नगर के आजादनगर दक्षिणी तिवारीपुर वार्ड में नगरपालिका की ओर से बनवाए गए पिंक शौचालय की टूटी छत को दुरूस्त करा दिया गया है। चार दिन पहले शटरिंग खोलने के दौरान छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया था। अमर उजाला ने तिवारीपुर में गिरी पिंक शौचालय की छत, हड़कंप शीर्षक से आठ मार्च को खबर प्रकाशित किया था। आनन-फानन में कार्यदायी एजेंसी की ओर से इसे दुरुस्त करा लिया गया।
आजादनगर दक्षिणी-तिवारीपुर वार्ड में महिलाओं की जरूरत को देखते हुए नगरपालिका की ओर से करीब पांच लाख रुपये की लागत से चार सीट वाले पिंक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। देखरेख के लिए एक केयरटेकर रूम भी बनाया गया है। चार दिन पहले शटरिंग खोलने पर शौचालय की छत का एक हिस्सा टूटकर गिर गया था। मामला चर्चा में आने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने कार्यदाई एजेंसी के जिम्मेदारों से पूछताछ शुरू की। मोहल्ले के लोगों का कहना था कि शौचालय की छत बनाने में सरिया और मैटेरियल का प्रयोग मानक के विपरीत था, जिस वजह से वह अभी से टूट रहा है। जेई अवनीश कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन शौचालय की छत का कुछ हिस्सा गिरा था, जिसे ठीक करा दिया गया है।