खुखुंदू। थाना क्षेत्र के सुरहां गांव निवासी गुड्डन उर्फ राजेश दीक्षित (54) की 12 दिन पहले दुबई के अबूधाबी में पोकलैंड की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के दोस्तों ने घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दे दी। इसके बाद परिजन शव मंगाने की प्रक्रिया में जुट गए। बुधवार देर शाम को शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चे रोते-रोते बार-बार बेहोश हो जा रहे थे। खुखुंदू क्षेत्र के सुरहां गांव निवासी मिथिला दीक्षित के दो बेटों में छोटे बेटे गुड्डन उर्फ राजेश दीक्षित करीब तीन दशक से दुबई के अबूधाबी में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। बीते 14 मार्च को दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे वह कंपनी में काम करा रहे थे। इसी बीच पोकलैंड की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोपहर में उनके दोस्तों ने मौत की खबर मृतक के बड़े भाई बिसुधा उर्फ उग्रसेन दीक्षित के पास फोन करके दे दिया। हालांकि घर पर बुजुर्ग पिता के बीमार होने से उन्होंने मौत की खबर से परिवार को अंजान रखा।
मृतक की पत्नी और बच्चों को भी सिर्फ चोटिल होने की ही जानकारी दी। इधर, जब शव आने का समय हुआ है, तो मंगलवार रात में मौत की जानकारी पत्नी और बच्चों को हुई है। जैसे ही बुधवार शाम को शव गांव पहुंचा पत्नी संजू देवी, बेटा पीयूष दीक्षित और बेटी खुशी दीक्षित शव से लिपटकर रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी।