भटनी। लखनऊ-गोरखपुर रेलखंड पर मनकापुर और स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन के बीच ऑटोमैटिक सिग्नलिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते शनिवार को अयोध्या धाम-भटनी मेमू पैसेंजर ट्रेन निरस्त रहेगी।
इस ट्रेन के निरस्त रहने से भटनी से अयोध्या धाम के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने और सुरक्षा को लेकर लखनऊ से छपरा जंक्शन तक नॉन इंटरलॉकिंग सिस्टम को अपडेट किया जा रहा है। इसी क्रम में 10 और 11 अक्तूबर को मनकापुर और स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन के बीच ऑटोमैटिक सिग्नलिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य होना है। इसके चलते इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए चलाई गई भटनी-अयोध्या धाम मेमू ट्रेन शनिवार को निरस्त रहेगी। वहीं इस रूट से गुजरने वाली कई अन्य ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोककर चलाया जाएगा। इसके कारण यात्रियों को निर्धारित समय से अधिक इंतजार करना पड़ सकता है और उनकी यात्रा में देरी होने की संभावना है। स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि मनकापुर-गोंडा के बीच रेलवे कार्य चलने के कारण शनिवार को भटनी -अयोध्याधाम अप और डाउन पैसेंजर ट्रेन निरस्त रहेगी।