संवाद न्यूज एजेंसी
गौरी बाजार। फरवरी में गौरी बाजार क्षेत्र में सड़क पर स्टंटबाजी कर रहे बाइक सवार युवकों के कारण हुई मार्ग दुर्घटना दो महिलाओं की मौत हो गई थी।
बाइक सवार दोनों युवक भी घायल हो गए थे। जिस घर के मां-बेटी की मौत हो गई थी, वहां अब तक खुशियां वापस नहीं लौटीं। वहीं हादसे की वजह से युवक घायल हुए ही, साथ में पुलिस केस भी लड़ रहे हैं।
दो फरवरी को ग्राम सोहसा निवासी अमित अपनी मां व बहन को साथ लेकर बाइक से मामा के घर जा रहा था। अभी वह गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर रामपुर के पास पहुंचा था कि एक ही बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर स्टंटबाजी करते दिखे। अमित ने हादसा बचाने की कोशिश की, मगर उसकी बाइक में ठोकर लग गई। वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। इसी बीच वहां से ट्रक गुजरा और तीनों चपेट में आ गए। इलाज के दौरान एक महिला की देर शाम और दूसरी की 21 दिन बाद मौत हो गई थी। हादसे के छह महीने बाद भी परिवार गम में है।
वहीं स्टंटबाजी करने वाले दोनों युवकों का परिवार इलाज का खर्च उठाते-उठाते आर्थिक तंगी में आ गया है। 15 दिन तक लगातार इलाज के बाद हालत में कुछ सुधार आ गया, मगर छह महीने बाद भी स्थिति पूरी तरह से ठीक नहीं है।