खुखुंदू। थाना क्षेत्र के नर्सरी चौराहे के पास ट्रक से टकराकर एक टेंपो सड़क पर पलट गया। उसमें सवार चालक समेत महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को गंभीर चोट लगने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर टेंपों चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र की चेरो निवासी धर्मावती देवी उम्र 45 वर्ष पत्नी उमानाथ टेंपो से देवरिया के तरफ जा रही थी। चालक टेंपो लेकर अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर नर्सरी चौराहे के पास पहुंचा था कि वहां पहले से खड़ी ट्रक में जाकर भिड़ गया। जिससे टेंपो पलट गई और उसमें सवार धर्मावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने महिला को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया। जहां महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर अज्ञात टेंपों चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि महिला का मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा है।