तरकुलवा। बेलही कुटी स्थित प्राचीन श्रीराम-जानकी मंदिर के पुजारी पर सोमवार देर रात अराजक तत्वों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पटहेरवा थाना क्षेत्र के फाजिलनगर के पास स्थित धनौती गांव निवासी वशिष्ठ तिवारी (65) बेलही कुटी मंदिर में पुजारी हैं। सोमवार रात करीब 9:15 बजे कुछ लोग गोलबंद होकर मंदिर परिसर में पहुंचे और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। वह मौके पर ही बेहोश हो गए।
घटना की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। ग्राम पंचायत बेलही के प्रशासक बृजनारायण यादव ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से घायल पुजारी को सीएचसी तरकुलवा भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट कर उन्हें घायल करने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।