भवानीगंज। डुमरियागंज में शनिवार को एडीएम गौरव श्रीवास्तव की अध्यक्षता और एएसपी सिद्धार्थ की मौजूदगी में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 19 मामले आए, जिसमें महज दो मामलों का निस्तारण किया गया।
एडीएम ने बताया कि शासन की मंशा है कि विभिन्न विभागों से जुड़ी आने वाली शिकायतों का निस्तारण मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के समक्ष किया जाए। अगर कुछ समस्याओं का मौके पर निराकरण नहीं हो पाता है तो उनकी जांच के उपरांत शीघ्र निस्तारण करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। कुल 19 मामलों में राजस्व के 14 , विकास का एक, पुलिस का एक और दो अन्य विभागों से संबंधित रहे। इसमें से राजस्व विभाग के दो मामलों का निस्तारण मौके पर किया गया। बाकी मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को सौंप दिया गया। इस दौरान एसडीएम विवेकानंद मिश्र, तहसीलदार अजय कुमार आदि मौजूद रहे।