धनगर समाज के लोग सैकड़ों भेड़ लेकर धमक आए।
- फोटो : अनूप तिवारी
देवरिया। जाति प्रमाण पत्र जारी करने में हीलाहवाली देख धनगर समाज के लोगों का धैर्य बृहस्पतिवार को जवाब दे दिया। देवरिया सदर तहसील में धनगर समाज के लोग सैकड़ों भेड़ लेकर धमक आए। इसके चलते अफरा-तफरी मच गई। मामले की नजाकत समझ अधिकारी हरकत में आए।
एसडीएम ने पांच अगस्त तक की मोहलत मांगी। इसके बाद धनगरों ने आंदोलन स्थगित कर दिया। प्रांतीय धनगर महासभा की ओर से जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर सदर तहसील में तीन दिन से धरना चल रहा था।
लेकिन अधिकारियों की ओर से मामले को संज्ञान नहीं लिया गया। इससे नाराज होकर बृहस्पतिवार को चौथेे दिन सैकड़ों भेड़ों के साथ धनगर समाज के लोग पहुंच गए। भेड़ों के हुुजूम से सदर तहसील में अफरा तफरी मच गई। काम कराने केे सिलसिले में आए लोग इधर उधर होने लगे। एसडीएम के आग्रह पर धनगर समाज का प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करने पहुंचा।
उन्होंने आंदोलन समाप्त करने की बात कही। धनगर समाज के लोग अपनी मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि जाति प्रमाण पत्र जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मान मनौव्वल का दौर शुरू हुआ।
एसडीएम और तहसीलदार ने एक सप्ताह की मोहलत मांगी। अधिकारियों ने जल्द ही एक कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया। इसमें धनगर समाज का प्रतिनिधित्व करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान रामविलास धनगर, जयप्रकाश पाल धनगर, रामजनम पाल, अवधेेश पाल, दिनेश चंद्र पाल, डीडी पाल, रविंद्र धनगर, रामछबीला मौजूद रहे।