बरहज। नगर के आजाद नगर दक्षिणी निवासी विशाल चौहान 17 वर्ष पुत्र प्रभुनाथ चौहान का शव मंगलवार को कमरे में छत की कुंडी से लटकता मिला। मौत की जानकारी होने पर चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
आजाद नगर दक्षिणी निवासी विशाल चौहान सोमवार की रात अपने कमरे में सोने चला गया। लोगों के अनुसार सुबह दरवाजा न खुलने पर परिवार के लोगों ने आवाज दी। लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर लोग हतप्रभ रह गए। घर में रोना-पिटना सुनकर अगल-बगल के लोग भी जुट गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। विशाल के मौत के पीछे लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे थे।
घटना को लोग किसी से प्रेम-प्रसंग से भी जोड़कर देख रहे हैं। विशाल की मौत को लेकर मां सविता देवी बेहोश होकर गिर गईं। जबकि पिता बदहवास थे। थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।