देसही देवरिया। 30 जनवरी की सुबह घर से लापता हुए हरखौली गांव के किशोर का शव उसी दिन शाम को बैतालपुर जीआरपी पुलिस को रेल लाइन पर मिल गया। उधर, घर वालों की तहरीर पर महुआडीह पुलिस ने एक फरवरी को मामले में प्राथमिकी दर्ज किया। जीआरपी पुलिस शव को मोर्चरी में रखवाकर तीन दिन बाद पोस्टमार्टम कराकर शव को लावारिस घोषित कर कुर्ना नाला पर जला दिया। मंगलवार को परिजनों को पता चला कि वह शव इनके बेटे का था। इस बात की जानकारी हुई तो परिजनों ने जीआरपी के पास जाकर फोटो देखकर पहचान की। घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
महुआडीह थानाक्षेत्र के हरखौली गांव के अभिषेक उर्फ अमन सिंह (17), 30 जनवरी की सुबह 10 बजे के करीब घर पर किसी को बिना कुछ बताए कहीं निकल गया। घर के लोग काफी खोजबीन किए। कहीं पता नहीं चलने पर पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक फरवरी को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लिया। परिजन बेटे की बरामदगी नहीं होने से परेशान रहे।
पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों ने अभिषेक का मोबाइल लोकेशन अपने हिसाब से निकाला। मोबाइल लोकेशन बैतालपुर का मिला। सोमवार को गांव के लोग बैतालपुर पहुंचे। स्टेशन के पास 30 जनवरी को अज्ञात शव मिलने की जानकारी हुई।
मंगलवार को गांव के लोग परिजनों के साथ देवरिया जीआरपी थाना पहुंचे। वहां पुलिस ने अभिषेक का फोटो दिखाकर पहचान कराई। बताया कि सार्वजनिक करने के बाद पहचान नहीं हुई तो लावारिश मानकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई।
पीड़ित परिवार ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक गांव की युवती अभिषेक से मोबाइल पर बात करती थी। बेटे के लापता होने से कुछ दिन पहले ही उसने पुलिस में शिकायत भी की थी। दरवाजे पर पुलिस ने आकर मामले की जांच की थी। इसके दूसरे दिन ही अभिषेक घर से कहीं निकल गया। परिजनों ने शिकायत किया कि लड़की, बेटे को परेशान कर रही है। धमकी भी दे रही है लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। शव मिलने के बाद आज पता चला। पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार कल एसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेगा।
मामले को जीआरपी पुलिस देख रही है। अभिषेक ने एक जनवरी को अपने दोस्तों को फोनकर गोरखपुर जाने की बात कही और उसके कुछ मिनट बाद ही ट्रेन के सामने जाकर आत्महत्या कर लिया। इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई।
-अमित राय, थानाध्यक्ष महुआडीह