सलेमपुर। मझौलीराज क्षेत्र के टेढ़ी मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि किशोरी दो दिन से स्कूल नहीं जा रही थी। बृहस्पतिवार को पिता ने स्कूल न जाने पर उसे डांट लगाई थी।
घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग किशोरी को फंदे से उतार कर आनन-फानन सीएचसी सलेमपुर लेकर पहुंचे।
चिकित्सक डॉ. नरेंद्र मोहन ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना के बावत परिवार वालों से जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, किशोरी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट (सीडीआर) निकलवाई जा रही है।
परिवार वालों की ओर से बताया जा रहा है कि दो दिन से स्कूल नहीं जाने पर पिता ने किशोरी को डांटा था। इसी दौरान लैपटॉप को लेकर भी बात हुई थी। डांट से नाराज होकर किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाया है।
मझौलीराज पुलिस चौकी के प्रभारी इंद्रजीत यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किशोरी के मोबाइल की सीडीआर निकलवाने के लिए भेजी गई है। दोनों रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा।