बरहज के परसियां देवार में पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम और विरोध करते किसान
- फोटो : DEORIA
सरयू पार पहुंची टीम ने शुरू की पैमाइश
फसल नुकसान को लेकर करना पड़ा विरोध का सामना
गोरखपुर राजस्व टीम से मांगी गई मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। सरयू नदी के पार दियारा क्षेत्र में फर्जी इंद्राज के जरिए हजारों एकड़ सरकारी जमीन पर भू-माफिया की ओर से कब्जा करने की शिकायत पर 13 सदस्यीय राजस्व टीम रविवार शाम परसियां-विशुनपुर देवार पहुंची। जहां पैमाइश शुरू होते ही सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने वालों की बेचैनी बढ़ गई। टीम के सदस्यों को पहले ही दिन फसल के नुकसान आदि को लेकर विरोध का सामना करना पड़ा। मौके पर राजस्व टीम ने सरकारी पत्थरों और कागजों की पड़ताल की।
एसडीएम सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम मयफोर्स सरयू नदी नाव से पार कर दियारा क्षेत्र में पहुंची। पुलिस बल और अधिकारियों को देखकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। टीम को गोरखपुर और देवरिया जनपद सीमा तय करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। घंटों जद्दोजहद के बाद सीमा तय करने के लिए पत्थर न मिलने पर गोरखपुर राजस्व टीम से मदद मांगी गई। टीम ने परसियां प्राथमिक विद्यालय के निकट राजस्व के लगे सरकारी पत्थर से पैमाइश शुरू की। लेकिन चार-पांच किलोमीटर जरीब गिरने और लोगों की चहलकदमी से फसलों को नुकसान होने लगा। इसको लेकर किसानों से पहले ही दिन टीम की नोकझोंक हुई। एसडीएम ने बताया कि पैमाइश कार्य शुरू करा दिया गया है। भू-माफिया पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर तहसीलदार वंशराज राम, नायब तहसीलदार संजय पांडेय, एसआई सहेंद्र यादव, कानून-गो विशाल नाथ यादव आदि मौजूद रहे।