भागलपुर। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश और नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण सरयू नदी तेजी से बढ़ने लगी है। नदी का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर बढ़ चुका है। इससे तटवर्ती इलाकों के लोगों को बाढ़ का भय सताने लगा है।
केंद्रीय जल आयोग तुर्तीपार के अनुसार, नदी में बुधवार की दोपहर से आधा सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोत्तरी शुरू हुई। बृहस्पतिवार को नदी के बढ़ाव में और तेजी आ गई। शुक्रवार की शाम चार बजे हेड मीटर पर नदी का जलस्तर 64.42 मीटर रिकाॅर्ड किया गया। यहां पर खतरे का निशान 64.10 मीटर अंकित है। खतरे के निशान स 32 सेमी ऊपर नदी पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान नदी में 10 सेमी की बढ़ोत्तरी हुई है। जेई प्रकाश ओझा ने बताया कि नदी में पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से बढ़ोत्तरी हो रही है। संवाद