देवरिया। इस सत्र में खुलने वाले 104 नए अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के लिए शिक्षकों को जल्द ही नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा। चयन प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। उधर, शासन के निर्देश के बाद इसी सत्र से ग्रामीण क्षेत्र में खुलने वाले 80 और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों केे चयन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
पिछले सत्र में जिले में 90 प्राथमिक स्कूलों में अंग्रेजी की पढ़ाई शुरू हुई थी। शासन के निर्देश पर जिले के 16 विकास खंड एवं एक नगर क्षेत्र से प्राथमिक के 85 और जूनियर स्तर के 19 नए स्कूलों का चयन मार्च में किया गया। अध्यापकों की चयन प्रक्रिया अप्रैल में ही प्रारंभ हो गई थी। आचार संहिता लागू होने से उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा सका। उधर, शासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी सत्र से 80 और ऐसे स्कूलों का चयन करने का आदेश जारी कर दिया। लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद स्कूलों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, कुछ ब्लॉकों ने अभी चयनित स्कूलों की सूची नहीं उपलब्ध कराई है।
यह समिति करेगी शिक्षकों का चयन
नए 80 स्कूलों में शिक्षकों का चयन डायट प्राचार्य की अध्यक्षता में गठित कमेटी ही करेगी। शासन की मंशा के अनुरूप जुलाई से ही इनका संचालन प्रारंभ हो जाए, इसके लिए हर विकास खंड में कार्यरत शिक्षकों से आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी हो रही है। चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले अध्यापकों के लिए 80 नंबर की लिखित परीक्षा एवं 20 नंबर का साक्षात्कार निर्धारित किया है।
कोट
अंग्रेजी माध्यम के कुल 104 स्कूलों के लिए चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया और इसी सत्र में खुलने वाले 80 और ऐसे स्कूलों के चयन की कार्रवाई चल रही है। कुछ ब्लॉकों ने अभी सूची उपलब्ध नहीं कराई है, सूची मिलने पर यहां भी शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया आरंभ होगी। -ओमप्रकाश यादव, बीएसए।