रुद्रपुर। क्षेत्र के शीतल माझा गांव के पास एक शिक्षक का संदिग्ध हालत में शव मिला। रुद्रपुर-नारायनपुर मार्ग पर रविवार को सुबह सड़क के किनारे शव देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। वह नगर के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षण कार्य करते थे और शीतल माझा में बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाते थे। माहीगंज गांव के नौका टोला निवासी राम प्रसाद 52 नगर के एक स्कूल में पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह शीतल माझा गांव के पास बच्चों को कोचिंग पढ़ाने भी जाते थे।
परिवार वालों के अनुसार वह कभी-कभी बच्चों को कोचिंग पढ़ाने के समय शाम को शीतल माझा गांव में रूक जाया करते थे। शनिवार की शाम वह घर से पढ़ाने के लिए बता कर निकले थे। रविवार की सुबह उनका शव सड़क के किनारे मिला। उनके चेहरे पर चोट के निशान दिखे।
घरवालों ने पुलिस को हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया, हालांकि घटना में कोई रंजिश सामने नहीं आई। शिक्षक के मरने की खबर सुनते ही गांव के लोग कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने शव को तत्काल पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया। उनकी मौत पर पत्नी अतवारी देवी, तीन बेटियां नीलम, अमृता, श्यामलता और बेटे पंकज का रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रभारी निरीक्षक रतन कुमार पांडेय ने कहा कि मौत का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों की सूचना के आधार पर छानबीन में जुटी है।