संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगरपालिका गौरा-बरहज कार्यालय में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर रविवार को सीआरओ जलराजन चौधरी ने पूर्व में की गई शिकायतों की जांच की। अवकाश के बाद भी कार्यालय में चहल-पहल रही।
वहीं कर्मी हलकान रहे। करीब तीन घंटे तक चली जांच में अधिकारी ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद शिकायतों से संबंधित पत्रावली तलब किया है।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सीआरओ नगर पालिका परिसर में पहुंचे, जहां पहले से शिकायतकर्ता भी मौजूद थे। सीआरओ ने अधिशासी अधिकारी निरुपमा प्रताप से शिकायतों से संबंधित सवाल-जवाब किया। वहीं शिकायतकर्ताओं से भी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि 30 सितंबर को कुछ लोगों ने जिलाधिकारी से जेम पोर्टल में लूट-खसोट, कान्हा गोशाला में चारा के अभाव में पशुओं की मौत और परिसर में दफनाए जाने, ट्रांसफार्मर, ई-रिक्शा की खरीद सहित 26 बिंदुओं पर शिकायत की थी।
जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं ने जलकर-गृहकर, जीएसटी चोरी आदि की भी शिकायत की बात कही जा रही है। सीआरओ ने बताया कि शिकायतों की जांच की गई है। पत्रावली तलब किया गया है। इस दौरान अमरेंद्र गुप्त, वार्ड सदस्य लव सोनकर, नवाब हुसैन आदि मौजूद रहे।