विद्यालय के सामने बैठकर शराब पी रहे युवकों ने मना करने पर स्कूल के शिक्षक की पिटाई कर दी। घायल का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के चौहट्टा वार्ड निवासी पीयुष मणि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ओम सरस्वती शिशु मंदिर में अध्यापक हैं। रात में वह विद्यालय में ही विश्राम करते है। सोमवार की रात स्कूल के सामने बैठकर कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसके पहले भी युवक शराब पीकर बोतलों को स्कूल परिसर में फेंक कर चले जाते थे।
उनकी आवाज सुनकर गेट के बाहर जाकर शिक्षक ने उन्हें स्कूल के सामने शराब पीने से मना किया। इस बात को लेकर नशे में धुत्त युवक उनसे उलझ गए। उन्होंने शिक्षक की पिटाई शुरू कर दी।
शिक्षक के सिर में गंभीर चोट लगी। पीड़ित ने शिक्षक ने कहा कि युवक अक्सर स्कूल के सामने शाम को नशे में हंगामा करते हैं। कोतवाल राजू सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।