बांसी। नगर पालिका की ओर से की जा रही पेयजल आपूर्ति पिछले एक सप्ताह से ठप पड़ी है, जिससे कस्बे के करीब 10 वार्डों के लोग शुद्ध पेयजल से वंचित हैं और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका के पेयजल विभाग के अनुसार नलकूप का मोटर खराब हो जाने के कारण आपूर्ति बाधित है। इसके चलते अकबरनगर, श्यामनगर, राजेंद्रनगर, आर्यनगर, टेकधरनगर, शंकरनगर, शास्त्रीनगर, राप्तीनगर, पंतनगर और गौतमबुद्धनगर वार्डों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
पानी की किल्लत के कारण लोग पीने के लिए जार का पानी खरीदने को मजबूर हैं, जबकि अन्य जरूरतों के लिए हैंडपंप से पानी ढोना पड़ रहा है।
एक सप्ताह से आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते अक्सर ऐसी स्थिति बन जाती है।
शंकरनगर वार्ड निवासी शमीम अहमद ने बताया कि एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है और शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। वहीं, अकबरनगर निवासी रजत मोदनवाल ने कहा कि पानी के लिए भटकना पड़ रहा है और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पूर्व सभासद रविंद्र वर्मा ‘छोटू’ ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है और समस्या के स्थायी समाधान पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
कस्बा निवासी साहिल मकरानी ने कहा कि पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अक्सर किसी न किसी कारण आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।