तीन जिलों की पुलिस खोज रही टप्पेबाज को
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मंडल के तीन जनपदों की पुलिस बाइक सवार टप्पेबाज को खोज रही है। सूत्रों के अनुसार, बदमाश ने पांच दिनों के भीतर पांच लोगों से लाखों की टप्पेबाजी की है। गोरखपुर में वारदात करने के बाद इसकी लोकेशन शहर में मिली है। पुलिस को शक है कि यह टप्पेबाज गोंडा के एक गिरोह जुड़ा है।
एक जुलाई को बैंक से रुपये लेकर पैदल घर जा रहे सेवा निवृत शिक्षक कुश राव को बाइक सवार बदमाश ने रामनाथ देवरिया मोहल्ले के पास से बैग में रखा पचास हजार रुपए लूट कर फरार हो गया। गोरखपुर में तीन जुलाई और कुशीनगर में चार जुलाई को इसी तर्ज पर घटना को अंजाम दिया गया। गोरखपुर और देवरिया की पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि एक ही रंग की बाइक दोनों जनपदों में घटना में प्रयुक्त हुई है। गोरखपुर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई तो बाइक सवार शातिर की तस्वीर मिली। वहीं देवरिया की पुलिस ने राघव नगर में घटना के दिन का एक फुटेज सीसीटीवी कैमरों का निकाली तो इसी बाइक का पर सवार शातिर दिख रहा है। कुशीनगर जनपद में भी हुई घटना में इस हुलिया और बाइक की कलर की बात पीड़ित ने पुलिस को बताई है। इसके बारे में पुलिस ने गोंडा के एक गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई तो उसके कुछ सदस्यों का लोकेशन गोरखपुर और देवरिया मिली है। अब तीनों जनपदों की पुलिस हेलमेट लगाएं बाइक सवार को तलाशती रही है। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम तलाश में जुटी है। जल्द ही टप्पेबाज पुलिस की गिरफ्त में होगा।