मन की नहीं काम की बात करें मोदी : अखिलेश
देवरिया/गौरीबाजार। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात करते हैं, काम की बात नहीं करते। अच्छे दिन का नारा देने वाले बताएं देश कहां खड़ा है। पत्थरों वाली सरकार की मुखिया से सावधान रहने की जरूरत है। वह कभी भी राखी बांध सकती हैं। पांच चरणों के चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन बढ़त पर है। छठवें में भी यही होने वाला है।
अखिलेश सोमवार को देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के देवगांव के मैदान मेें सपा प्रत्याशी जेपी जायसवाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी पर मोदी ने देश की जनता को लाइन में खड़ा कर दिया। नोटबंदी कर बीजेपी ने सभी का रुपये जमा करा लिया। सभी के खातों में 15 लाख रुपये भेजने की बात कहने वालों ने 15 हजार भी नहीं भेजा। गोंडा की जनसभा में मोदी ने कहा था कि परीक्षा में बहुत नकल हो रहा है। वो बताएं परीक्षा कहां हो रही है? महंगा सूट किसकी नकल कर पहना था?
उनकी सरकार ने प्रदेश का विकास किया है, बीजेपी वाले बताएं कहां काम किया है? बगल वाले बाबा यानी गोरखपुर के सांसद महंत आदित्यनाथ कहते हैं कि रमजान पर अधिक और दीवाली पर कम बिजली मिलती है। वह गोरखपुर में बिजली का तार छूकर देखें करंट है या नहीं। सपा सरकार अब लैपटॉप और स्मॉर्टफोन देगी। मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह पढ़ती हैं तो आधे लोग सोते हैं। हमने लखनऊ में उनका विकास देखा है। बैठा हाथी बैठा है, खड़ा हाथी खड़ा है। कहती हैं कि हमें बुआ मत कहो। एक भाजपा नेता ने उन पर अभद्र टिप्पणी की थी तो मैंने उसे बिहार से पकड़वाया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो युवाओं का गठबंधन है। यह सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए बड़े दिल से की गई दोस्ती है। कहा कि समाजवादी जब जोश और उत्साह में होता है तो हाथ छोड़कर साइकिल चला लेता है।
अब तो कांग्रेस का हाथ मिल गया है। गोरखपुर में एम्स बनाने के लिए मुफ्त में जमीन दे दी। मोदी बताएं एम्स कब तक बनेगा। सपा ने 302 किलोमीटर लंबा आगरा-दिल्ली छह लेन एक्सप्रेस-वे 24 महीनों में बनवाया। दो साल में मेट्रो बनवाया, देवरिया की बेटी ही इसे चलाएगी। बुलेट ट्रेन चलाने की बात कहने वाले बताएं कि दो साल में इसे चलवा पाएंगे। अगली बार जनता इन्हें मौका नहीं देगी। तीन बार सीएम रहे, लेकिन गुजरात में मेट्रो क्यों नहीं चलवाया। मेट्रो से युवाओं को नौकरी मिलेगी। गोरखपुर-देवरिया रोड फोरलेन बन रहा है।
सरकार बनने पर देवरिया को बाईपास देंगे। 1.60 लाख शिक्षामित्रों को उन्होंने सहायक अध्यापक बनाया है। पुलिस भर्ती की प्रक्रिया आसान कर दी है। हाईस्कूल, इंटर में अच्छे नंबर के साथ दौड़ में पास होने वाले सिपाही हो जाएंगे। व्यापारियों और किसानों की सुविधा के लिए मंडी की स्थिति सुधारने की बात कहा। उन्होंने कहा कि टिकट कटने से नाराज कुछ लोग साथ छोड़ दिए जबकि तमाम लोग पूरी तन्मयता से लगे हुए हैं। संबंध निभाने के लिए त्याग करना पड़ता है। युवाओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि अपना बूथ जिता दो, समाजवादियों की सरकार बन जाएगी। यह जेपी का नहीं हमारा चुनाव है। 11 मार्च को बीजेपी के नेताओं को बीपी चेक करानी पड़ेगी।