देवरिया। एनसीओआरडी की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में हुई। इसमें जिले में मादक और नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री व प्रयोग को रोकने को लेकर निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि झुग्गी-झोपड़ी और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जाएं और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में सचेत किए जाएं। साथ ही निदान पोर्टल के उपयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने नशे के खिलाफ जन जागरूकता फैलाने के लिए विद्यालयों और कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इनमें नशा मुक्ति शपथ, हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक, निबंध प्रतियोगिता आयोजित करने को कहा। इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी अनिल कुमार भारती, एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. राजेश झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।