नगर पंचायत बरियारपुर के वार्ड नंबर 11 के सभासद के निधन से रिक्त हुई थी सीट
आनंद कुमार को छाता और कमलेश को मिला कार निशान
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले की नगर पंचायत बरियारपुर के वार्ड नंबर 11 के सभासद जयलाल चौहान के निधन से रिक्त पद पर उपचुनाव में बृहस्पतिवार को प्रतीक आवंटन कर दिया गया। चुनाव मैदान में दो प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं।
उपचुनाव में नाम वापसी के बाद दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें सभासद रहे जयलाल चौहान के बेटे आनंद कुमार चौहान और पूर्व सभासद कमलेश यादव हैं। इसमें आनंद कुमार को छाता तो कमलेश को कार चुनाव निशान मिला। प्रतीक चिह्न आवंटन के बाद चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। दोनों प्रत्याशी लोगों को अपने पक्ष में करने में जुट गए हैं। वहीं, पंचायत एवं नगरीय निकाय निर्वाचन कार्यालय मतपत्र मंगाने, मतदान व मतगणना कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण कराने की तैयारी में जुट गया है।
आरओ व जिला बचत अधिकारी अनित कुमार और एआरओ डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर मयंक कुमार ने बताया कि प्रतीक चिह्न आवंटित कर दिया गया है। अब मतदान और मतगणना की तैयारी की जा रही है। मतदान आठ जुलाई को सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना 10 जुलाई को सुबह आठ बजे से जिला पंचायत कार्यालय में होगी।
वाराणसी मंगाए जाएंगे 1200 मतपत्र
नगर पंचायत बरियारपुर के वार्ड संख्या 11 में कुल 1158 मतदाता हैं। पंचायत एवं नगरीय निकाय निर्वाचन कार्यालय ने उपचुनाव में मतदान के लिए मतपत्र मंगाने की कवायद शुरू कर दी गई। वाराणसी स्थित सरकारी प्रिंटिंग प्रेस से 1200 मतपत्र मंगाए जाएंगे। मतपत्र व्यवस्था के लिए उप कृषि निदेशक को प्रभारी अधिकारी और जिला कृषि अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। टीम मतपत्र लाने के लिए वाराणसी रवाना होगी। मतपत्र आने के बाद उसे जिला पंचायत कार्यालय में बने स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।