महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में औषधि वितरण काउंटर पर खड़े मरीज
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर को दिखाना आसान है पर दवा लेना कठिन है। तीन हजार मरीजों को दवा देने के लिए काॅलेज प्रशासन ने चार काउंटर बनाए हैं। इसके चलते औषधि वितरण केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में औसतन तीन हजार मरीज पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में मरीजों के लिए काॅलेज प्रशासन की ओर से दवा वितरण के लिए महज चार काउंटर ही संचालित किए जा रहे हैं।
हालात यह है मरीजों को एक से दो घंटे तक लाइन में जूझना पड़ता है। बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के गांवों से आए मरीजों के लिए घंटों खड़े रहना आफत साबित हो रहा है।
दवा लेने के लिए कतार में खड़ीं पूजा ने बताया कि लाइन इतनी लंबी है कि दवा मिलेगी या नहीं, यह निश्चित नहीं है। नीरज ने बताया कि एक घंटे से लाइन में लगी हूं। लोग बगल से दवा ले रहे हैं। प्रभावती ने बताया कि आधे घंटे से लाइन में खड़ी हूं। अभी 10 मिनट और लगेगा।
दवा लेने की होड़ में आए दिन काउंटरों पर धक्का-मुक्की, नोकझोंक और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में सुरक्षाकर्मियों को भी भीड़ नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।