देवरिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निलंबित प्रधान सहायक तनुज श्रीवास्तव ने अपने पटल का प्रभार दूसरे प्रधान सहायक स्वदेश श्रीवास्तव को सोमवार को सौंप दिया। तनुज श्रीवास्तव को सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बीते छह मार्च को शासन की जांच टीम की आख्या के आधार पर निलंबित कर दिया था। इसके बाद बीएसए अनिल कुमार सिंह ने इस पटल का प्रभार स्वदेश श्रीवास्तव को सौंप दिया।
कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन के शिक्षक कृष्णमोहन सिंह ने मामले के निस्तारण के लिए तत्कालीन पटल सहायक संजीव सिंह और बीएसए शालिनी श्रीवास्तव पर 14 लाख रुपये लेने और चार लाख रुपये की और मांग करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर लिया था। इस मामले में शिक्षक ने चार पृष्ठ का सुसाइड नोट लिखकर एक वीडियो भी रिकार्ड किया था। इस मामले में मृत शिक्षक की पत्नी की शिकायत पर गोरखपुर के गुलरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस प्रकरण की जांच जिलास्तरीय व शासन की अलग अलग टीमों ने किया था। जिलास्तरीय टीम की रिपोर्ट पर पटल सहायक संजीव सिंह को निलंबित कर दिया गया था। वहीं शासन की टीम की रिपोर्ट के आधार पर सचिव बेसिक शिक्षा ने संजीव सिंह से पूर्व पटल देख रहे तनुज श्रीवास्तव को छह मार्च को निलंबित कर दिया था। वहीं संजीव सिंह के निलंबित होने के बाद पुन: एडेड स्कूलों के पटल का प्रभार बीएसए ने तनुज श्रीवास्तव को सौंप दिया था।