बाबा राघवदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में क्रीड़ा प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी
देवरिया। बाबा राघवदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय क्रीड़ा समारोह का समापन शुक्रवार को हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक खेल का प्रदर्शन किया। 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सूर्यांश वर्मा और बालिका वर्ग में मानसी ने बाजी मारी।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खेल भारतीय संस्कृति का मुख्य हिस्सा है। खेल, जीवन जीने की कला ही नहीं अपितु खेल जीवन निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं मेहनत से पढ़े, मोबाइल से उचित दूरी रखें और रोजगार के अवसर स्वयं पैदा करें। भारत सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर खेलों के क्षेत्र में बहुत कार्य कर रही है। विशिष्ट अतिथि प्रो. ममता मणि त्रिपाठी ने कहा कि खेल जीत-हार के बीच में सामंजस्य स्थापित करता है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रताप नारायण सिंह ने सभी विजेता और उपविजेता टीमों को बधाइयां देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की।
खेलों में 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सूर्यांश वर्मा पहले, बबलू चौहान दूसरे और अखिलेश सिंह तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में मानसी को पहला, काजल गुप्ता को दूसरा और हर्षिता कुशवाहा को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। बैडमिंटन में बालिका युगल वर्ग में श्रेया त्रिपाठी और अनुकृति यादव की जोड़ी ने जीत दर्ज की। लक्ष्मी कुमारी और आरुषि विश्वकर्मा की जोड़ी दूसरे स्थान पर रहीं। सुनैना और खुशी की जोड़ी तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में प्रकाश कुमार और अजित की जोड़ी ने शानदार जीत दर्ज की। हिमांशु और विक्रांत की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही। अतुल और अभिनव की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। वॉलीबाल का मैच बाबा राघवदास टीम और पंडित दीनदयाल टीम के मध्य हुआ। इसमें कप्तान मनीष गुप्ता के नेतृत्व में बाबा राघवदास टीम ने जीत दर्ज की। वहीं बालिका वर्ग में रॉयल कुइन्स और सुपर कुइन्स के बीच मैच हुआ। इसमें कैप्टन मानसी के नेतृत्व में रॉयल कुइन्स की टीम ने जीत दर्ज की। पिछले दो दिनों में आयोजित बालक और बालिकाओं की दस प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा मेडल और मोमेंटो प्रदान किए गए। कार्यक्रम के सचिव डॉ. अभिनव सिंह रहे। मंच संचालन डॉ. भावना सिन्हा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो. महेश्वर सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी आदि उपस्थित रहे।