देवरिया। शहरभर के अराजक प्रवृत्ति के लोगों और नशाखोरों का शाम ढलते ही चीनी मिल ग्राउंड, पिपरपाती नहर, बैतालपुर और पुरवा में जमावड़ा होना शुरू हो जा रहा है। ये सभी इन सुनसान स्थानों पर कार और बाइक खड़ी कर उसकी आड़ में नशा कर रहे हैं। इनकी संगत में पड़ कर नवयुवक और किशोर भी अराजकता की ओर बढ़ रहे हैं। सभी यहां साथ में नशा करते हैं, फिर पुरानों मामलों में बदले की नीयत से साजिश भी रच रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला कुछ दिन पहले भी सामने आया था जब यहां पर ही शराब पीने के बाद युवकों ने एक साजिश रच एक अन्य युवक के घर जाकर उसे गोली मार दी थी। वहीं, बीते दिनों में कुछ अपराधी भी इन स्थानों से पकड़े जा चुके हैं।
शहर के आबादी क्षेत्र से हटकर स्थित चीनी मिल ग्राउंड में शाम ढलते ही कारों जमावड़ा लग जा रहा है। साथ ही बाइक लेकर पहुंचने वाले युवाओं की तादाद भी ज्यादा रहती है। इनमें अधिकांश युवाओं का ग्रुप अलग-अलग तरह के नशे के सेवन की सामग्री लेकर पहुंचता है। कोई व्हिस्की और बीयर का बॉटल लाता है और कोई खाने की सामग्री तो कोई ब्रांडेड सिगरेट के पैकेट। फिर शुरू होता है कार के म्यूजिक सिस्टम के धीमी संगीत की धुन के बीच उनके नशे में डूबने का दौर। लगातार जाम दर जाम, जिससे कुछ ही देर में युवा नशे में चूर हो जाते हैं। फिर घर जाने को अलग-अलग राह पकड़ते हैं।
इस बीच अगर भुजौली कालोनी, महाराणा प्रताप, इंदिरा नगर, देवरिया खास, सीसी रोड निवासी कोई शहरी उस रास्ते गुजरता तो उन्हें इन नशेड़ी युवाओं की बदतमीजी का शिकार भी होना पड़ता है। यहां तक की पैदल जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां भी कसते हैं। अगर, कोई विरोध करता है तो युवक मारपीट तक पर उतारू हो जा रहे हैं। इसके कारण लोग शाम ढलने के बाद इस रास्ते से जाने में परहेज करने लगे हैं।
नशे में धुत युवा स्टंटबाजी में हुए घायल
बैतालपुर कस्बे में बीते मंगलवार को केन यूनियन के सामने स्टंटबाजी कर रहे तीन युवक बाइक से देवरिया-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर फिसल गए। मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि तीनों नशे के हालत में थे। घायलों की पहचान कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी लवकुश 20 वर्ष, रामनिवास 23, राज 21 वर्ष के रूप में हुई। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
पिस्टल के साथ पकड़ा गया अपराधी
शहर के चीनी मिल ग्राउंड और पिपरपाती नहर पर नशे के साथ ही शातिरों का भी जमावड़ा होता है। कुछ माह पहले दो युवकोंं को पुलिस ने चीनी मिल ग्राउंड से पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। इसी पिपरपाती नहर के पास डेढ़ साल पहले एक कुशीनगर जिले के बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पकड़ा था। यह भी इसी अड्डे पर अपने दोस्तों से मिलने आया था।
यहां बनी हत्या की योजना
शहर के सीसी रोड निवासी एक युवक की कुछ साल पहले गोली मारकर हत्या का दी गई थी। पुलिस ने जब आरोपियों से पूछताछ किया तो पता चला कि एक आरोपियों ने मिल ग्राउंड पर ही आकर बीयर पी फिर दोस्तों को बुलाकर एक युवक के दरवाजे पर चढ़ कर हत्या कर दी गई थी।
चीनी मिल ग्राउंड पर रहता है अंधेरा
नशे के लिए चीनी मिल ग्राउंड नया अड्डा बन गया है। यहां रात में अंधेरा रहता है और दूर दूर तक कारें खड़ी रहती हैं। जहां देर रात तक युवा जमे रहते हैं। बड़ा ग्राउंड होने के कारण अगर कोई इधर से गुजरता है तो भी एक दूसरे का चेहरा पहचान नहीं पाते हैं।
टोकने पर करते हैं मारपीट
भुजौली कालोनी निवासी बजरंगी ने बताया कि एक बार चीनी मिल ग्राउंड के बगल से गुजर रहा था तो कुछ लड़के महिलाओं पर फब्ती कस रहे थे। मना करने पर मारपीट पर उतारू हो गए। दुकानदार श्रवण कुमार ने बताया कि ग्राउंड में शाम को जुटने वाले युवकों को अगर कह दिया कि यहां से हट जाओ तो वह मारपीट करने लगते हैं। यहां तक कि महिलाओं के आते-जाते समय तेज आवाज में बोलते हैं। किसी की हिम्मत नहीं है कि इन्हें मना कर दे, नहीं तो यह उसी से भिड़ जाते हैं।
अभिभावकों को चाहिए कि पता करते रहें कि उनके बच्चे अगर देर शाम तक घूम कर आ रहे हैं तो वे हर रोज कहा जा रहे हैं। उनपर नजर रखने की जरूरत है। जब शुरुआती दौरा होता है तो संभलने का पूरा अवसर रहता है। पर नशे के दलदल में फंस गए तो दिक्कत होगी। अभिभावक को भी ध्यान रखना होगा कि वह नशा कर घर परिवार में तो नहीं जा रहे हैं।
- डाॅ. विवेक मिश्र मिश्रा, समाजशास्त्री
इन दिनों नशे की लत सबसे अधिक युवाओं को लग रही है। दोस्तों के गलत संगत में पड़कर नशे की राह पकड़ ले रहे हैं। हमारे यहां हर माह पांच से दस युवक आते हैं। गोरखपुर जनपद और अन्य प्रांतों में भी काम किया है। नशे के दलदल में फंसे युवा को बाहर निकाला जा सकता है। अगर नशे के आदी पर ध्यान दिया जाए और चेन को ब्रेक कर दिया जाए तो सुधार हो जाता है।
- पंकज मिश्र, संचालक नशा मुक्ति केंद्र
चीनी मिल ग्राउंड सहित जिन जगहों पर अपराधियों और नशा करने वालों का जमावड़ा लगता है। वहां पुलिस टीम जाती है। कुछ स्थानों को हाॅट स्पाॅट के रूप में चिह्नित करने की योजना है। इन जगहों पर पीआरवी की ड्यूटी लगाई जाएगी। नशे के हालत में मिलने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहन चालकों का चालान काटा जाता है।
- संकल्प शर्मा, पुलिस अधीक्षक