अभिभावकों ने एनजीओ वर्कर्स को घेर लिया।
- फोटो : अमर उजाला
लार। मेन्यू के हिसाब से बच्चों को मिड-डे मील नहीं मिलने से नाराज अभिभावकों ने एनजीओ वर्कर्स को घेर लिया। नाराज लोगों और वर्कर्स के बीच कहासुनी भी हुई। प्रधानाध्यापक के हस्तक्षेप के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ।
नगर के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिड-डे मील देने की जिम्मेदारी एनजीओ को दी गई है। मेन्यू के हिसाब से बुधवार को तहरी के साथ-साथ प्रत्येक बच्चों को 200 ग्राम दूध भी देना था। दोपहर में नगर के कन्या इस्लामिया प्राथमिक विद्यालय हरिजन बस्ती में एनजीओ वर्कर्स मालवाहन से मिड-डे मील लेकर पहुंचे। वर्कर्स ने बच्चों को सिर्फ तहरी दी। यह देख बच्चों के अभिभावक भड़क उठे।
नाराज लोगों ने वाहन को घेर लिया और बच्चों को दूध देने की मांग करने लगे। इसको लेकर एनजीओ वर्कर्स और अभिभावकों के बीच तकरार भी हुई। नगर में संचालित होने वाले 17 विद्यालयों पर सिर्फ तहरी दी गई है। बच्चों का कहना है प्रत्येक दिन सिर्फ खिचड़ी आती है। मेन्यू के हिसाब किसी भी दिन मिड-डे मील नहीं मिलता है।
बच्चों के अभिभावक आरती देवी, बबली, फूलपती, रीमा, बच्ची देवी ने मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करते हुए व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। इस बाबत विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि मीनू के हिसाब से मिड-डे मील नहीं आता है। दूध नहीं आने से अभिभावक नाराज थे। समझा बुझाकर उन्हें शांत कराया गया।