गौरी बाजार। क्षेत्र के ग्राम करमाजीतपुर में सोमवार की दोपहर एक छात्रा का शव दुपट्टे के फंदे से पंखे के कुंडे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम करमाजीतपुर निवासी प्रीती (16) पुत्री रामप्यारे हाईस्कूल की छात्रा थी। सोमवार की दोपहर में जब घर के सभी लोग अपने कार्य में व्यस्त थे, तब उसने कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर सोने चली गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोग बुलाने गए तो कमरा अंदर से बंद था। परिजनों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। इस बीच आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
दरवाजा तोड़कर लोग कमरे में दाखिल हुए तो देखा वह फंदे से झूल गई थी। थानाध्यक्ष डाॅ. महेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।