संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। संत विनोबा पीजी काॅलेज में प्राचार्य के कक्ष में छात्रों ने शुक्रवार को तालाबंद कर दी। वह काॅलेज में छात्रों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग कर रहे थे। दोपहर दो बजे कोतवाली से इंस्पेक्टर के पहुंचने पर छात्रों ने ताला खोला। प्राचार्य के मांगें पूरी करने के आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया।
छात्रों का दल सुबह करीब 11 बजे प्राचार्य कक्ष के सामने धरने पर बैठा। प्राचार्य अंदर बैठे काॅलेज का कामकाज निपटा रहे थे। इस बीच छात्रों ने प्राचार्य कक्ष में बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद प्राचार्य प्रोफेसर अर्जुन मिश्र, चीफ प्राक्टर डॉ. विवेक मिश्र आदि अंदर ही रह गए। छात्र बाहर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। छात्रों ने कहा कि पुस्तकालय में नई पुस्तकें पर्याप्त मात्रा में नहीं हैं। इससे छात्रों को पुस्तकें नहीं मिल पाती हैं।
कालेज के खेल मैदान की दशा खराब है। पीने के लिए साफ पानी नहीं है। वाटर फिल्टर खराब पड़ा हुआ है। कक्षाओं में पर्याप्त पंखे नहीं है। इसे जरुरत पर चलाया भी नहीं जाता है। वहीं परिसर की साफ सफाई व्यवस्था लचर है।
प्राचार्य से जब भी हम लोग मिलते हैं वह समस्याओं से जुड़ी बातों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। छात्रों को विगत दो साल से परिचय पत्र नहीं दिया जा रहा है। शौचालय की हालात ठीक नहीं है। कालेज में छात्रों के आंदोलन की सूचना पर कुछ पुलिसकर्मी पहुंच गए।
इसके बाद करीब दो बजे कोतवाली से इंस्पेक्टर पहुंचे। उनके आग्रह पर छात्रों ने प्राचार्य कक्ष का ताला खोल दिया। पुलिस की मौजूदगी में प्राचार्य ने छात्रों को 20 दिन के अंदर मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। धरने में श्याम मणि, हिमांशु, सोमनाथ, विनय सिंह, अभिषेक आदि शामिल रहे।