देवरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शहर के राघवनगर एक स्कूल में मंगलवार की दोपहर में एक छात्र झूला झूलते समय संतुलन बिगड़ जाने से नीचे गिर गया। स्कूल के अध्यापक और अन्य परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शहर के भुजौली कालोनी निवासी अध्यापक राजीव सिंह का बेटा अंश प्रताप सिंह (12) सातवीं का छात्र था। दोपहर में भोजनावकाश के दौरान वह परिसर में लगे विभिन्न झूलों में एक पर झूल रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और नीचे आ गिरा। जिससे उसे चोट लग गई।
इसे भी पढ़ें: ममेरे भाई ने दोस्त के साथ मिलकर मासूम को मार डाला, शव बोरे में भरकर नहर में फेंका
गंभीर अवस्था में उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मौके पर पुलिस गई थी। मामले की जांच की जा रही है।