खुखुंदू। थाना क्षेत्र के देवरिया सलेमपुर फोरलेन पर टड़वा गांव के पास स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार 12वीं का परीक्षार्थी और ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस स्कार्पियो को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
बिहार प्रांत के विजयीपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा निवासी जयकिशन चौहान खुखुंदू क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव में मामा के घर रहकर पढ़ाई करता है। मां मीना देवी ने बताया कि रविवार को बेटा जयकिशन और उसका ममेरा भाई आकाश चौहान शेरवां बभनौली स्थित काॅलेज में अपना और बहन नेहा का प्रवेश पत्र लाने गया था। चार दिन पहले आकाश चौहान से कुछ लड़कों का विवाद हुआ था। रविवार दोपहर में भी आकाश को धमकी मिली थी। इसके बाद जब जयकिशन प्रवेशपत्र लेकर लौट रहा था तो उसी खुन्नस में हमलावरों ने देवरिया सलेमपुर फोरलेन पर टड़वा गांव के पास स्कार्पियो से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आकाश का मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा है। जबकि जयकिशन ने सोमवार को थाने पहुंच तहरीर दिया। एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। स्कार्पियो कब्जे में ले लिया गया है। संवाद