धनतेरस और दीवाली के चलते शहर के मालवीय रोड पर जाम में फंसे राहगीर।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। धनतेरस की खरीदारी के लिए दोपहर बाद खरीदारों की भीड़ उमड़ी। इसकी वजह से शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरने वाले राहगीरों को जाम में जलालत झेलनी पड़ी। ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही से काफी दिक्कतें आई। त्योहार को लेकर शहर में होने वाली भीड़ की वजह से लगने वाले जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई इंतजाम नहीं किया गया था।
इसका खामियाजा मंगलवार को राहगीरों को भुगतना पड़ा। शहर के मालवीय रोड, भटवलिया, सिविल लाइन, मोतीलाल रोड, सब्जी मंडी रोड पर लगे जाम में घंटों लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। इसकी वजह सड़क पर सजाई गई दुकान और धनतेरस में खरीदारी के लिए उमड़ी लोगों की भीड़ रही। कसया ओवरब्रिज से आने वाले लोगों को दोपहर में करीब डेढ़ घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा।
सिविल लाइन, भटवलिया चौराहा और बस स्टैंड पर ट्रैफिक पुलिस को छोड़ अंदर जाम से निजात दिलाने के लिए किसी की ड्यूटी नहीं लगाई गई थी। इस दुर्व्यवस्था से परेशान लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए पुलिस-प्रशासन को लापरवाह बताया। प्रभारी कोतवाल श्रवण यादव ने बताया कि त्योहार को लेकर शहर में भीड़ अधिक थी। इसके चलते जाम लगा था।