शिक्षक के घर से चोरी हुआ रिवाल्वर व सामान बरामद
देवरिया। इलाज कराने के लिए लखनऊ गए जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षक के घर का ताला तोड़कर चोरों ने रिवाल्वर सहित कई सामान उड़ा लिया। शिक्षक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत ले लिया। पूछताछ दौरान चोरी की घटना का पर्दाफाश हो गया। उसके कब्जे से रिवाल्वर और सामान को पुलिस ने बरामद कर लिया।
जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर बने आवास में संगीत के शिक्षक निराला मलिक रहते हैं। तबीयत खराब होने के कारण 11 मार्च को वह पीजीआई लखनऊ चले गए थे। शुक्रवार की सुबह कॉलेज के कर्मचारियों ने देखा कि उनके कमरे का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा हुआ है। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी शिक्षक को दी। शिक्षक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कमरे में रखा रिवाल्वर, टीवी, इन्वर्टर, 25 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी सहित कई सामान चोरी हो गए हैं।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की विवेचना कर रहे एसएसआई बदरुद्दीन खां ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी। पुलिस ने आरोपित व मेहड़ा पुरवा निवासी उपेंद्र चौहान की निशानदेही पर रिवाल्वर सहित अन्य चोरी गए सामान को बरामद कर लिया है।