पथरदेवा में रातभर पीएनबी पर कतार में लगी रही महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
बघौचघाट। पीएनबी की पथरदेवा शाखा पर रातभर महिलाएं लाइन लगाए रहीं। बुधवार को जब बैंक खुला तो कैश नहीं था। यह सुन महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बैंक के सामने पथरदेवा-देवरिया मार्ग को जाम कर दिया। बैंक प्रबंधन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं। करीब तीन घंटे तक मार्ग जाम रहा। विशुनपुरा स्थित ग्रामीण बैंक की शाखा में भी हंगामा हुआ।
दरअसल, पीएनबी की पथरदेवा शाखा में मंगलवार को भी कैश का संकट था। लोगों के हंगामा करने पर बैंक प्रबंधन ने बुधवार को कैश बांटने का आश्वासन दिया था। रुपये की आस में महिलाएं रातभर बैंक के बाहर लाइन में लगी थीं। सुबह 10 बजे के बाद बैंक खुलने पर गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। लिखा था, कैश नहीं है और न ही आज आने की उम्मीद है। यह पढ़ महिलाएं नाराज हो गईं। बैंक प्रबंधक और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बैंक के सामने दिन में 11 बजे जाम लगा दिया। इसमें अन्य लोग भी शामिल हो गए।
करीब दो बजे तक जाम चला। पथरदेवा के चौकी इंचार्ज और संभ्रात लोगों ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। उधर, विशुनपुरा स्थित ग्रामीण बैंक की शाखा में दिन में 12 बजे कैश बांटने का काम यह कहते हुए बंद दिया गया कि दो लाख रुपये ही कैश थे। लोगों ने आरोप लगाया कि बैंक मैनेजर अपनों का रुपये दे रहे हैं।