अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा लगाने की तैयारी महीने भर से चल रही थी मगर पुलिस माहाैल भांप नहीं पाई। प्रतिमा स्थापित करने के लिए गांव में पहले ही चबूतरा बना दिया गया था।
इतना ही नहीं, खलिहान की जमीन पर हो रहे निर्माण की जानकारी न तो राजस्व विभाग को हुई और न ही पंचायती राज विभाग को। अब बवाल के बाद प्रशासन ने लापरवाही किसकी है, इसकी जांच की बात कह रही है।
गौरी बाजार क्षेत्र में ठाकुर बिरादरी के छह गांव पथरहट, असनहर, लबकनी, इंदूपुर, सांडा और ऊसरी मदैना हैं।
इनमें से लबकनी गांव की अनुसूचित जाति की बस्ती के पास कुछ लोग डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा रखना चाहते थे। खलिहान की जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने का कुछ लोग विरोध कर रहे थे।
बुधवार को अचानक चबूतरे पर प्रतिमा रखवा दी गई थी। इसके बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी।