काश! मंत्री जी का काफिला सलेमपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर गुजरा होता
राज्यमंत्री से अधिकारियों ने मनमाफिक जगहों का ही कराया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेेमपुर। समग्र ग्राम्य विकास विभाग/संसदीय कार्य राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने बुधवार को जिले के भागलपुर, लार, सलेमपुर सहित अन्य ब्लॉकों के कई गांवों में मनरेगा से कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारी मंत्री को उन्हीं गांवों में ले गए, जहां सभी चीजें पहले व्यवस्थित थीं। बलिया से देवरिया में प्रवेश करने पर मंत्री को सलेमपुर आना था, लेकिन अधिकारी बीच रास्ते में ही उन्हें रामजानकी मार्ग से लार ब्लॉक के बरडीहा चले गए। जिले की सड़कों की दुर्दशा न जाहिर हो, इसके लिए सीधा रास्ता न ले जाकर पांच किमी घुमाकर ले गए।
सलेमपुर से भागलपुर जाने वाला मार्ग नवलपुर से आगे करीब 10 किलोमीटर खराब हो चुका है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत यह सड़क करीब तीन साल पहले बनी थी। इस मार्ग से बेल्थरा, बलिया, मऊ, वाराणसी तक लोगों का आना-जाना होता है। तहसील क्षेत्र के लोगे अंतिम संस्कार के लिए इस मार्ग से भागलपुर के लिए आते-जाते हैं। करीब एक साल से कई जिलों को जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क कई जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे राहगीरों के साथ ही चार पहिया वाहन चालकों को गुजरते वक्त खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कुछ दिनों पूर्व बरहज के पूर्व विधायक भाई स्वामीनाथ यादव ने धनौती ढाला के पास धरना प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के अधिकारियों को चेताया भी था। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत कराने में अधिकारी कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। बुधवार को जिले के दौरे में आए संसदीय कार्य राज्यमंत्री जब आए तो क्षेत्रीय लोगों को आस जगी कि मंत्री अगर इस रास्ते से गुजरेंगे तो इस मार्ग के बारे में भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। एसडीएम संजीव कुमार यादव ने बताया कि सलेमपुर-भागलपुर मार्ग के लिए लॉकडाउन के पूर्व एक बार टेंडर हुआ था, जिसमें एक ही ठेकेदार ने रुचि दिखाई थी। इससे इसे निरस्त कर दिया गया। जल्द ही पुन: टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। मंत्री जी का दौरा कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था।
राज्यमंत्री ने इन कार्यों का लिया जायजा
राज्यमंत्री आनंद स्वरुप शुक्ल ने बुधवार को ब्लॉक के बरडीहा दलपत व भरौली गांव में मनरेगा से कराए गए कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बरडीहा दलपत में खड़ंजा पर फीता गिराकर इसे नापा भी। इस दौरान सीडीओ शिवशरणप्पा एनजी, डीसी मनरेगा गजेंद्र तिवारी, बीडीओ सुधा सिंह, नित्यानंद कुशवाहा, वैभव सिंह, जीनत, सुमित मिश्र, विशाल सिंह, स्वतंत्र यादव आदि लोग मौजूद रहे।
...फोटो समाचार
ग्रामीण विकास मंत्री ने किया निरीक्षण
भाटपाररानी। राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला बुधवार को अपराह्न तीन बजे बनकटा के ग्रामसभा पिपरा बघेल के छपिया बघेल ग्राम में पहुंचे और प्राथमिक व जूनियर स्कूल के नवनिर्मित मुख्य द्वार, नवनिर्मित भवन और बाउंड्री वाल को देखा। मौके पर बनकटा ब्लॉक के बीडीओ, डीसी मनरेगा गजेेंद्र तिवारी, सचिव से मनरेगा कार्यों और उसके तहत प्रवासी मजदूरों को मिलने वाले कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों से कहा कि बाहर से आए प्रवासी मजदूरों को हर हाल में मनरेगा के तहत मजदूरी दिलाना जरूरी है। इस दौरान सीडीओ शिवशरणप्पा, एसडीएम सौरभ सिंह, डीडीओ श्रीकृष्ण पांडेय, बीडीओ ज्ञानप्रकाश,एडीओ पंचायत हरिकांत यादव, हियुवा के दिलीप सिंह बघेल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नागेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।
फोटो समाचार
विद्यार्थी परिषद ने किया राशन सामग्री वितरित
भाटपारानी। नगर के प्रधानमंत्री आवास में रह रहे 22 सदस्यीय एक संयुक्त परिवार लॉकडाउन से पूर्व एक छोटे होटल द्वारा अपनी आजीविका चलता था। विगत तीन माह से पैसे की किल्लत और इस परिवार का राशन कार्ड सूची में नाम ना होने के कारण अन्न का संकट गहरा हो गया था। मंगलवार को मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संगठन के सहयोग से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भाटपार रानी के कार्यकर्ताओं ने 52 किग्रा गेहूं, 50 किग्रा चावल सहित राशन सामग्री निराश्रित परिवार कोे सहयोग में दिया। नगर मंत्री सचिन तिवारी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक महामारी में एक जिम्मेदार छात्र संगठन के नाते हमने ये ठाना है कि कोई भी परिवार भूखे पेट ना सोने पाए। अमन मिश्र ने कहा मानवीय मूल्यों को जागृत कर हम स्वामी विवेकानन्द जी के व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के स्वप्न को साकार करेंगे । इस दौरान प्रिंस कुमार गुप्ता, अभिषेक चतुर्वेदी, शिवांश मिश्र, उत्कर्ष नमो वत्स मिश्र आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।