करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
करमेल गांव के रहने वाले थे अच्छेलाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। क्षेत्र के करमेल गांव में विद्युत लाइन ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से 55 वर्षीय शख्स गंभीर रूप से झुलस गए। उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय वह रास्ते में ही दम तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करमेल गांव निवासी अच्छेलाल तीन भाइयों में बड़े थे। वह राजमिस्त्री का काम करते थे। उनका इकलौता बेटा बबलू कुमार विदेश में है। गांववालों के अनुसार अच्छेलाल के घर की लाइन कई दिनों से खराब थी। इससे परेशान अच्छेलाल ने बुधवार को स्वयं बगल के विद्युत पोल पर पर चढ़कर लाइन ठीक करने का प्रयास किया। बाद में मकान के अंदर लगे बिजली के बोर्ड के तारों को ठीक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिवारवाले उन्हें किसी तरह विद्युत तार से अलग किए और आनन-फानन सीएचसी ले गए। हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अच्छेलाल की मौत से पत्नी तुलसी देवी एवं अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गौरीबाजार थाने के इंस्पेक्टर विजय सिंह गौर ने बताया कि करंट की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत हो गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फालोअप...
झुलसी विवाहिता की उपचार के दौरान मौत
खुखुंदू। स्थानीय थानाक्षेत्र के नूनखार के जुआफर टोले में गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता की मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मंगलवार की शाम को वह गृह कलह में आग लगा ली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जुआफर गांव निवासी सरल चौहान के बड़े बेटे राजू चौहान की शादी तकरीबन दो वर्ष पूर्व भलुअनी थानाक्षेत्र के पटखौली गांव निवासी सीताराम चौहान की बेटी निर्जला के साथ हुई थी। उसके देवर हरेंद्र की 14 जून को शादी तय थी। घरवाले शादी की तैयारी में जुटे थे। शादी में किसी बात को लेकर विवाहिता नाराज चलने लगी। मंगलवार की शाम घर में अकेला होने पर उसने खुद को आग ली। उसके चीखने-चिल्लाने पर दरवाजे के बाहर बैठे पति और सास ने घर में जाकर आग बुझाई। तब तक विवाहिता गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए निजी वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल पहुंचकर मजिस्ट्रेट ने बयान दर्ज किया। इलाज के दौरान देर रात जिला अस्पताल में विवाहिता की हालत बिगड़ने लगी। इस पर डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। इस संदर्भ में प्रभारी एसओ मनोज यादव ने बताया कि विवाहिता की मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।