फुटबॉल : पडरौना ने जीत के साथ किया आगाज
देवरिया। राजकीय इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को स्व.मंगल सिंह राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबला राज हाईवे स्पोर्टिंग क्लब तमकुहीराज पडरौना एवं एपीएस डिग्री कॉलेज, देवरिया के मध्य खेला गया। इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पडरौना ने 3-1 से जीत हासिल कर शानदार आगाज किया। शुक्रवार को सद्भावना क्लब गोरखपुर एवं एनई रेलवे मऊ के बीच मैच खेला जाएगा।
जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में जीआईसी में जिलाधिकारी अमित किशोर ने रंगारंग कार्यक्रमों के बीच प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कहा कि खेल अनुशासन का पाठ पढ़ाता है और जीवन में अनुशासित व्यक्ति ही जीवन में सफलता पाता है। इसके बाद मैच की शुरुआत हुई। पहले हॉफ के 18वें मिनट में देवरिया के समीर ने मैदानी गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिलाकर स्थानीय दर्शकों को जोश से भर दिया। 37 वें मिनट में पडरौना टीम के जर्सी नंबर 10 खिलाड़ी प्रिंस ने गोल दाग स्कोर को बराबर कर दिया। दूसरे हॉफ में पडरौना टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। 49वें मिनट में अजय ने एवं 73वें मिनट में सूरज ने एक-एक गोल दाग स्कोर को 3-1 कर दिया। अंत में इसी स्कोर पर पडरौना टीम ने जीत हासिल की। उद्घाटन समारोह के दौरान डीआईओएस देवेंद्र कुमार गुप्ता, जिला क्रीड़ाधिकारी केके पांडेय, हरेंद्र जायसवाल, बालकृष्ण भानु, सुभाष राय, राजेश श्रीवास्तव, एसडीएम सदर सौरभ सिंह, प्रधानाचार्य पीके शर्मा, क्रांति यादव, श्रीराम यादव, सुनील सिंह, रामेश्वर लाल, नीरज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।