भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के तरफ से आयोजित कार्ययक्रम में उपस्थित लोग।संवाद
जिला पंचायत के सभागार में हुआ भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का सम्मेलन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। राकेश टिकैत के संगठन भाकियू में भगदड़ मच गई है। मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में हुए सम्मेलन में संगठन के 160 सदस्यों ने भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का दामन थाम लिया। इससे तिलमिलाए भाकियू के पदाधिकारी संगठन छोड़ने वालों की सदस्यता समाप्त करने की चेतावनी दे रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष राज्यपाल शर्मा ने निवर्तमान जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप शाही की संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में आजीवन सदस्यता समाप्त कर दी है।
भाकियू अराजनैतिक के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरिनाम सिंह ने सम्मेलन के दौरान भाकियू के बागी कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई। कहा कि कोई भी किसान अप्रैल के बाद बिजली बिल अदा न करे। सरकार ने जो वादा किया था उसे हमारा संगठन पूरा कराने के लिए मजबूर करेगा। किसानों के साथ वादा खिलाफी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान नेता राघवेंद्र प्रताप शाही ने कहा कि किसान आंदोलन में दलालों के लिए कोई जगह नहीं है। हमें अपनी लड़ाई मर्यादा के साथ लड़नी है। शिवाजी राय ने कहा कि सभी जिलों में संघर्षशील किसानों की टीम भाकियू अराजनैतिक ने खड़ा कर दिया है। कारपोरेट घरानों की बलिवेदी पर किसानों की बलि नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान कुंवर राणाप्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव मिश्र, विजय यादव, चतुरानन ओझा, विजय जुआठा, रामाकांत तिवारी और देवनरायण सिंह आदि मौजूद रहे।