महंगाई के खिलाफ कम्युनिस्ट पार्टी का प्रदर्शन
देवरिया। महंगाई सहित विभिन्न मांगों के लिए भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित 13 सूत्री ज्ञापन एडीएम प्रशासन को सौंपा।
राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर सतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करते कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय के समीप धरना पर बैठ गए। पार्टी के नेताओं ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस से लेकर रोजमर्रा की वस्तुओं के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि हुई है, इससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। आम आदमी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र की भाजपा सरकार को महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाना चाहिए।
कहा कि पेट्रोलियम क्षेत्र में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के निजीकरण और बेरोजगारी पर रोक लगाई जाए। बलिया सहित देश के दूसरे राज्यों में पत्रकारों पर हमले, फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। दलितों, अल्पसंख्यकों व महिलाओं पर हो रही अत्याचार की घटनाओं को रोका जाए तथा दोषियों पर कार्रवाई की जाए। जनपद में विद्युत कटौती बंद की जाए और पुराने रोस्टर से आपूर्ति की जाए। छुट्टा पशुओं व जंगली जानवरों से फसलों की रक्षा की जाए तथा किसानों को मुआवजा दिया जाए। रिक्त पड़े सरकारी पदों पर भर्ती शुरू की जाए, मनरेगा में दो सौ दिन काम व छह सौ रुपये प्रतिदिन मजदूरी की गारंटी की जाए। शहरों, नगरों में आजीविका चला रहे ठेला, खोमचा, पटरी व्यवसायियों का उत्पीड़न रोका जाए। इसके बाद एडीएम प्रशासन पंकज कुमार को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान साधु शरण, सुदर्शन प्रसाद, जिला मंत्री जयप्रकाश यादव, नथुनी सिंह, परमहंस भारती, अवधेश कुशवाहा, शारदा प्रसाद, रामअधार विश्वकर्मा, गुड्डू पासवान, सुरेश, प्रेमचंद्र यादव, संजय गोंड, बालविंदर मौर्या, ओमप्रकाश कुशवाहा, मानिक चंद्र चौहान, रमाशंकर चौहान आदि मौजूद रहे।