स्टेडियम में सेहत बनाने पर खर्च करने होंगे 310 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम को सोमवार से खिलाड़ियों एवं शौकिया आने वालों के लिए खोल दिया गया। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के तेज होने के बाद से ही स्टेडियम बंद चल रहा था, इससे प्रतिदिन अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की फिटनेस व खेल प्रतिभा प्रभावित हो रही थी। हालांकि इस बार बिना शुल्क दिए और पंजीकरण कराए प्रवेश नहीं मिलेगा। शौकिया आने वाले लोगों को 300 रुपये खर्च करने होंगे।
जिला क्रीड़ाधिकारी केके पांडेय ने बताया कि शासन की ओर से जारी दिशा निर्देश के अनुसार पांच जुलाई से स्टेडियम में खेल गतिविधियां प्रारंभ कर दी गई हैं। खिलाड़ी व शौकिया आने वाले अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। बिना पंजीकरण के स्टेडियम में प्रवेश वर्जित होगा। शौकिया खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण शुल्क 210 रुपये पहले माह के लिए तथा 100 रुपये प्रोत्साहन समिति को मिलाकर कुल 310 रुपये प्रतिमाह देने होंगे। एक बार पंजीकरण के बाद 200 रुपये प्रतिमाह इन्हें देने होंगे। वॉलीबॉल व भारोत्तोलन प्रशिक्षण के लिए केवल प्रशिक्षु खिलाड़ियों के लिए वार्षिक शुल्क 60 रुपये और 100 रुपये प्रोत्साहन समिति को मिलाकर कुल 160 रुपये देने होंगे। इसके अलावा बैडमिंटन हॉल में शौकिया अभ्यास के लिए आने वालों के लिए पंजीकरण शुल्क 310 रुपये व एक हजार रुपये प्रोत्साहन समिति को वार्षिक मिलाकर कुल 1310 रुपये पहली बार देने होंगे। प्रत्येक माह के लिए ऐसे लोगों 300 रुपये शुल्क भी देंगे। पंजीकरण के लिए दो फोटो, आधार की छायाप्रति आवेदन के साथ संलग्न करनी होगी। सभी खिलाड़ियों के लिए मॉस्क अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण का समय सुबह में साढ़े पांच से साढ़े आठ बजे तक एवं शाम को तीन से छह बजे तक रहेगा। सभी आने वालों को कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा।