रेल विस्तार होने पर लग सकता है विकास का पंख, जमींदोज हो रहीं बेशकीमती इमारतें
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर स्थित आदर्श रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव बेचूलाल चौधरी ने समर्थकों के साथ हाल जाना। स्टेशन की बदहाली पर उन्होंने चिंता जताते हुए विकास की मांग की। कहा कि उपेक्षाओं के कारण ब्रितानी हुकूमत की बनीं बेशकीमती इमारतें जमींदोज हो रही हैं। रेल विस्तार होने पर ही स्टेशन का विकास संभव हो सकता है।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचे पूर्व प्रदेश सचिव ने यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, शौचालय, प्याऊ आदि के बारे में जानकारी की। मुसाफिरखाना में उगी घास-फूस, टूटे हैंडपंप, ध्वस्त शौचालय आदि पर उन्होंने चिंता जताई। कहा कि बरहज रेलवे स्टेशन का अस्तित्व बचाने के लिए तत्कालीन रेलमंत्री रहे जनेश्वर मिश्र के प्रयास से छोटी से बड़ी लाइन में परिवर्तित किया गया। जबकि आय बढ़ाने के लिए रेल आरक्षण केंद्र स्थापित कराया गया। जनप्रतिनिधियों को सरकार का ध्यान आकृष्ट कराना चाहिए, जिससे स्टेशन का विकास हो सके। मौके पर अब्दुल खालिक, हरेराम चौधरी, श्रीकांत यादव, आफताब आलम, निरंजन प्रसाद आदि मौजूद रहे।