देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल काॅलेज के पीआईसीयू में सोमवार को वाॅलफैन में बिजली स्पार्क के चलते खलबली मच गई। कुछ ही देर में बिजली कट ऑफ हो गई। इसके चलते कोई हादसा नहीं हुआ। पंखे के कनेक्शन को ठीक करके पुन: चालू किया गया।
मेडिकल काॅलेज में पीआईसीयू के दो वार्ड में हैं। इसमें कुल मिलाकर 15 बेड हैं। सोमवार को दोपहर में पीआईसीयू के वार्ड नंबर दो में लगे एक वाॅलफैन में जोड़ा गया बिजली का तार स्पार्क करने लगा। इससे हल्की सी चिंगारी निकली। इसे देख वार्ड में मौजूद लोग घबरा गए। इधर स्पार्क होते ही वार्ड की बिजली कट गई। इससे स्पार्किंग बंद हो गई। इसकी सूचना किसी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्र को दे दिया।
इसके बाद वह स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मरीजों के परिजनों से बात कर उनको आश्वस्त किया। बिजली तकनीशियनों ने बिजली के कनेक्शन को ठीक कर पुन: सप्लाई को चालू कर दिया। सबकुछ ठीक मिलने पर मरीजों के परिजनों ने राहत की सांस लिया।