तरकुलवा। रसोई सिलिंडर संकट के बीच वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग तो उन्होंने अपने नाम पर की, लेकिन जब सिलिंडर लेने पहुंचे तो पता लगा कि कोई और व्यक्ति लेकर चला गया है। इस वजह से असली उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी समय पर गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पथरदेवा विकास खंड के कंठीपट्टी की रहने वाली शिवभारती देवी ने एचपी गैस एजेंसी पथरदेवा में एक मार्च को सिलिंडर की बुकिंग की थी। जिसका नंबर 562398, ओटीपी 1094 था, लेकिन जब उनका बेटा रमेश एजेंसी पर गैस सिलिंडर लेने गया तो पता चला कि गैस सिलिंडर कोई और लेकर चला गया है।
इसी प्रकार सीतापट्टी गांव के सरफुद्दीन ने बताया कि उन्होंने शोभा एचपी गैस एजेंसी सोनबरसा में गैस की बुकिंग कराया था लेकिन गैस सिलिंडर लेने गया तो पता चला कि गैस कोई और लेकर चला गया है। भोलू मोदनवाल ने कहा कि एचपी गैस एजेंसी रामपुर कारखाना में गैस की बुकिंग कराया था, लेकिन जब एजेंसी पर पहुंचा तो पता चला कि गैस सिलेंडर कोई दूसरा लेकर चला गया है। लोगों ने जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।