बरहज। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को लवरछी बाईपास पर रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। सरकार विरोधी नारा लगाते हुए कार्यकर्ता मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग कर रहे थे।
सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता लवरछी बाईपास पहुंचे। वहां रसोई गैस मूल्य वृद्धि को लेकर नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन करने लगे। सपाई हाथों में गैस सिलिंडर, बैनर, पोस्टर आदि लेकर विरोध किए।
पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव का कहना था कि भाजपा सरकार में प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से फेल है। कहीं भी किसी भी दफ्तर में गरीबों की सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। मौके पर राहुल यादव, संजय सिंह, राकेश यादव, विकास यादव, सलीम खान, अनूप राजभर, अख्तर आलम, अनिरूद्ध यादव, कृष्णानंद, रामप्रसाद, अनीस अंसारी, दिनेश यादव आदि मौजूद रहे। बघौचघाट प्रतिनिधि के अनुसार पथरदेवा में घरेलू गैस सिलिंडर पर 60 रुपये और कॉमर्शियल गैस सिलिंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के कंठी पट्टी मल्ल पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता पहले ही परेशान है। ऐसे समय में गैस सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी करना पूरी तरह जनविरोधी फैसला है।
विधानसभा उपाध्यक्ष राकेश राय ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष राकेश राय, मुराद अहमद, राजू मल्ल, सुनील मल्ल, हरिहर गुप्ता, हरिशंकर शर्मा, रामनिवास प्रजापति, राजकुमार मल्ल मौजूद रहे।