देवरिया। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। मंगलवार को एसपी अभिजित आर शंकर ने कुशहरी घाट समेत बरहज क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन में सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान व सुगम आवागमन के लिए जरूरी निर्देश दिए।
एसपी ने बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुशहरी घाट और बरहज थाना क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर सुरक्षा इंतजामों को परखा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और स्नान के बाद लौटने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता से ड्यूटी करें।
निरीक्षण के दौरान सीओ सलेमपुर गौरव सिंह, सीओ बरहज रंजना सचान समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। संवाद