देवरिया। कम्पोजिट विद्यालय नरंगा के खेल मैदान में बुधवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सोनाड़ी न्याय पंचायत की टीम ने 103 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता। सिसवा पांडेय की टीम दूसरे और खुखुंदू की टीम तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रशासक छठ्ठू यादव और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कबड्डी, खो-खो, ऊंची कूद और दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई। कबड्डी में खिरसर की बालिकाओं का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
समापन समारोह में बरहज विधायक दीपक मिश्रा शाका ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों में अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है।
इस दौरान रामायण चौबे, गोविंद सिंह, राकेश तिवारी, शिवम पांडेय, योगेश तिवारी, ओमप्रकाश कुशवाहा और जितेंद्र साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।