फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: गन्ने का मूल्य 650 रुपये क्विंटल करने की मांग, किसानों ने दिया धरना

विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर बुजुर्ग। गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने और पिछले पेराई सत्र के बकाये का ब्याज सहित भुगतान कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने सहकारी गन्ना समिति, प्रतापपुर के कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी को संबोधित छह सूत्री ज्ञापन समिति सचिव की अनुपस्थिति में सुपरवाइजर को सौंपा गया।
विज्ञापन

किसान सभा के बनकटा मंडल अध्यक्ष बृजानंद यादव के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रतापपुर चीनी मिल का संचालन शुरू होने से पहले पिछले पेराई सत्र के सभी बकाये का ब्याज सहित भुगतान कराया जाए। इसके अलावा चीनी के मूल्य पर नियंत्रण, गन्ने का क्षेत्रफल बढ़ाने और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा की मांग उठाई गई।
किसानों ने पेराई सत्र के पहले चरण में पेड़ी गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित करने और गन्ना आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर भुगतान कराने की भी मांग की। उनका कहना था कि पेड़ी गन्ने की समय से आपूर्ति होने पर किसान खेत खाली कर रबी फसलों की बोआई कर सकेंगे। इसके साथ ही गन्ना समिति से रियायती दर पर खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
विज्ञापन

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो चीनी मिल के गेट पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान संबंधी नीतियों की आलोचना भी की।
विज्ञापन

धरने में साधुशरण, जयप्रकाश यादव, नथुनी कुशवाहा, चंद्रभान सिंह, बृजनंदन यादव, पहवारी सिंह, किताब यादव और केशव सिंह समेत अन्य किसान शामिल रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें