तरकुलवा। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के छोटी गंडक नदी के तट पर गंगाधर बाबा शिव मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के दिन भव्य मेला लगता है। बुधवार को शिव मंदिर में पूजन-अर्चन व मेला करने गईं दो महिलाओं का उचक्कों ने मंगलसूत्र व पर्स उड़ा दिया। इसकी जानकारी होने पर महिलाएं रोना शुरू कर दीं। पीड़ित दोनों महिलाओं ने थाने पहुंच पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की हैं। थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के गंगाधर बाबा स्थान पर महाशिवरात्रि के दिन भव्य मेला लगा था। यहां काफी संख्या में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के महिला- पुरुष पहुंचकर पूजन-अर्चन किए। इस दौरान पचरुखिया गांव निवासी नीलम भी पूजा करने आई थी। पूजा करते समय उनका मंगलसूत्र व पर्स उचक्कों ने उड़ा दिया।
वहीं कैथवलिया गांव की रहने वाली रंभा देवी पूजन-अर्चन के बाद मेला कर रही थीं। इस दौरान उचक्कों ने उनका पर्स पार कर दिया, जिसमें वह 1100 रुपये रखी थीं। पीड़ित दोनों महिलाओं ने तरकुलवा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।